Kisan Kisht English

पीएम किसान शिकायत

संक्षेप में

  • पहले स्टेटस देखें। क़िस्त रुकने की वजह ज़्यादातर वहीं लिखी होती है।
  • ऑनलाइन शिकायत Helpdesk - Query Form से होती है, रजिस्ट्रेशन नंबर और OTP के साथ।
  • हेल्पलाइन: 155261 या 011-24300606।
  • बात न बने, तो ज़िले के नोडल अधिकारी से मिलें, फिर सीपीग्राम्स (pgportal.gov.in) पर लिखें।
pmkisan.gov.in पर शिकायत का फ़ॉर्म खोलें

शिकायत से पहले यह देख लें

ज़्यादातर बार क़िस्त रुकने की वजह स्टेटस में ही लिखी होती है, और उसे ठीक करने के लिए शिकायत की ज़रूरत नहीं पड़ती:

शिकायत तब करें जब तीनों Yes हों और फिर भी पैसा न आए, जब स्टेटस में रद्द होने की वजह समझ न आए, या जब आपकी जानकारी गलत दिख रही हो।

मदद के लिए इसी क्रम में आगे बढ़ें:

  1. स्टेटस देखेंज़्यादातर बार वजह वहीं लिखी होती है।
  2. ऑनलाइन शिकायत या हेल्पलाइनHelpdesk - Query Form, या 155261 पर फ़ोन।
  3. ज़िले का नोडल अधिकारीब्लॉक या ज़िले के कृषि कार्यालय में जाएँ।
  4. सीपीग्राम्सलंबे समय तक जवाब न मिले, तब pgportal.gov.in पर।

ऑनलाइन शिकायत कैसे करें

pmkisan.gov.in पर शिकायत का अपना फ़ॉर्म है, जिसका नाम Helpdesk - Query Form है।

  1. pmkisan.gov.in खोलें और Farmers Corner में Helpdesk - Query Form पर दबाएँ।
  2. Raise Grievance चुना रहने दें।
  3. Temporary / Registration Number में अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें।
  4. कैप्चा भरें और Get OTP दबाएँ। पीएम किसान में दिए मोबाइल पर आया OTP डालें।
  5. अपनी समस्या चुनें और छोटे में साफ़ लिखें, फिर सबमिट करें।
  6. शिकायत का नंबर मिलेगा। उसे लिखकर रख लें।
Sample Image pmkisan.gov.in पर Grievance Query Form: Raise Grievance, Check Status, रजिस्ट्रेशन नंबर, कैप्चा और Get OTP
pmkisan.gov.in पर शिकायत का फ़ॉर्म (Helpdesk - Query Form)।

नया रजिस्ट्रेशन है या आवेदन अभी मंज़ूर नहीं हुआ, तो रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह Temporary ID डालें। यह बात फ़ॉर्म के नीचे भी लिखी है। रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता, तो फ़ॉर्म पर ऊपर Know Your Registration Number बटन है।

शिकायत में क्या लिखें

साफ़ शिकायत जल्दी सुलझती है। इतना ज़रूर लिखें:

  • कौन-सी क़िस्त नहीं आई (जैसे 24वीं)।
  • स्टेटस में उस क़िस्त के आगे क्या लिखा है (जैसे Payment Failed, Rejected)।
  • Eligibility Status में तीनों चीज़ें Yes हैं या नहीं।
  • आपने पहले से क्या किया है (जैसे “ई-केवाईसी 10 अक्टूबर को CSC से करवाई”)।

लंबी कहानी या गुस्से वाली भाषा से शिकायत जल्दी नहीं सुलझती। एक-दो लाइन में असली बात लिखें।

शिकायत का स्टेटस कैसे देखें

उसी Helpdesk - Query Form पर Check Status चुनें, रजिस्ट्रेशन नंबर, कैप्चा और OTP डालें। वहाँ दिखेगा कि आपकी शिकायत पर क्या जवाब आया है। शिकायत आपके ज़िले या राज्य के अधिकारी के पास जाती है, इसलिए जवाब में कुछ दिन लग सकते हैं।

फ़ोन पर बात करें

  • पीएम किसान हेल्पलाइन: 155261 या 011-24300606
  • फ़ोन करने से पहले रजिस्ट्रेशन नंबर, आधार और बैंक पासबुक पास रखें।

अपने ज़िले या राज्य के अधिकारी से बात करें

पीएम किसान में हर राज्य और ज़िले का एक नोडल अधिकारी होता है। उनका नाम और फ़ोन नंबर pmkisan.gov.in पर मिल जाता है:

  1. Farmers Corner में Search your Point of Contact (POC) खोलें।
  2. राज्य के अधिकारी के लिए Search State Nodal, ज़िले के लिए Search district Nodal चुनें।
  3. अपना राज्य चुनें और Search दबाएँ।
Sample Image pmkisan.gov.in पर State Nodal Contact Details: Search State Nodal या Search district Nodal और राज्य चुनने का खाना
राज्य और ज़िले के नोडल अधिकारी की जानकारी।

ज़्यादातर मामले ज़िला या ब्लॉक के कृषि कार्यालय में ही सुलझते हैं, क्योंकि आपका रिकॉर्ड राज्य सरकार ही ठीक करती है। ज़िले के नोडल अधिकारी से बात करना अक्सर सबसे तेज़ रास्ता होता है।

और कहाँ शिकायत करें

  • किसान ई-मित्र pmkisan.gov.in और पीएम किसान ऐप में सरकार का चैटबॉट है। आम सवालों का जवाब तुरंत देता है।
  • ईमेल से भी लिख सकते हैं: pmkisan-ict@gov.in या pmkisan-funds@gov.in। ईमेल में रजिस्ट्रेशन नंबर और समस्या साफ़ लिखें।
  • सीपीग्राम्स (pgportal.gov.in) केंद्र सरकार का शिकायत पोर्टल है। पीएम किसान की शिकायत पर लंबे समय तक जवाब न मिले, तब यहाँ लिखें।
  • ब्लॉक या ज़िले के कृषि कार्यालय में कागज़ लेकर खुद जाएँ। लैंड सीडिंग, नाम सुधार और रद्द आवेदन जैसे मामलों में यही सबसे काम आता है।

किस समस्या के लिए कहाँ जाएँ

समस्याकहाँ जाएँ
ई-केवाईसी नहीं हो रहीCSC, या पीएम किसान ऐप में चेहरे से
लैंड सीडिंग Noतहसील या ब्लॉक का कृषि कार्यालय, पटवारी / लेखपाल
आधार–बैंक सीडिंग Noअपना बैंक
नाम गलतकृषि कार्यालय, या नाम सुधार का तरीका
आवेदन रद्दज़िले का कृषि कार्यालय, साथ में ऑनलाइन शिकायत
“राज्य या ज़िले का नहीं” बताकर अपात्रस्टेट ट्रांसफ़र वाला फ़ॉर्म
पैसा लौटाने का नोटिसOnline Refund, या गलत लगे तो कृषि कार्यालय
सब Yes, फिर भी पैसा नहींऑनलाइन शिकायत और हेल्पलाइन

आम सवाल

शिकायत के कितने दिन बाद जवाब आता है?

कोई तय समय नहीं है। कुछ दिन से कुछ हफ़्ते लग सकते हैं। बीच-बीच में Check Status से देखते रहें।

शिकायत के लिए पैसे लगते हैं?

नहीं। ऑनलाइन शिकायत, हेल्पलाइन और ईमेल, सब मुफ़्त हैं।

कोई “शिकायत करवा दूँगा” कहकर पैसे माँगे तो?

न दें, और OTP किसी को न बताएँ। शिकायत आप खुद मुफ़्त में कर सकते हैं।

क्या यह सरकारी वेबसाइट है?

नहीं। किसान क़िस्त मेरी अपनी वेबसाइट है। आपके रिकॉर्ड सरकार के पास हैं, और उन्हें सिर्फ़ सरकार ही ठीक कर सकती है।

जानकारी का स्रोत: pmkisan.gov.in