Kisan Kisht English

पीएम किसान ई-केवाईसी

रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता? यहाँ पता करें

ई-केवाईसी क्या है?

ई-केवाईसी में आधार से आपकी पहचान की जाँच होती है, ताकि पैसा सही किसान तक पहुँचे। जब तक यह नहीं होती, क़िस्त रुकी रहती है। pmkisan.gov.in के पहले पन्ने पर यह सूचना लिखी है:

पीएम किसान में रजिस्टर सभी किसानों के लिए ई-केवाईसी ज़रूरी है। अंगूठे (बायोमेट्रिक) से ई-केवाईसी का विकल्प अब CSC संचालकों के लॉगिन, पीएम किसान मोबाइल ऐप और राज्य के अधिकृत अधिकारियों के लॉगिन में मौजूद है।

ई-केवाईसी के तीन तरीके

OTP से

पीएम किसान ऐप या जन सेवा केंद्र (CSC) पर।

चाहिए: आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर

अंगूठे से

CSC, पीएम किसान ऐप, या राज्य के अधिकृत अधिकारी के पास।

चाहिए: आधार कार्ड और उंगली का निशान

चेहरे से

घर बैठे, मोबाइल पर पीएम किसान ऐप में।

चाहिए: Android मोबाइल और आपका चेहरा

तीनों में से कोई भी एक तरीका काफ़ी है। जो आपके लिए आसान हो, वही चुनें।

1. OTP से ई-केवाईसी

यह सबसे आसान तरीका है, पर तभी चलेगा जब आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा हो, क्योंकि OTP उसी नंबर पर आता है।

  1. पीएम किसान ऐप में ई-केवाईसी का विकल्प खोलें।
  2. अपना आधार नंबर डालें।
  3. आधार से जुड़े मोबाइल पर आया OTP भरें और सबमिट करें।
  4. ई-केवाईसी सफल होने का मैसेज आएगा।

OTP नहीं आ रहा, तो शायद आपका मोबाइल आधार से नहीं जुड़ा है। या तो आधार केंद्र पर मोबाइल नंबर जुड़वाएँ, या नीचे के दो तरीकों में से कोई अपनाएँ।

2. अंगूठे से (बायोमेट्रिक) ई-केवाईसी

यह उन किसानों के लिए है जिनका मोबाइल आधार से नहीं जुड़ा, या जिन्हें मोबाइल चलाने में दिक्कत है। pmkisan.gov.in के अनुसार अंगूठे से ई-केवाईसी CSC पर, पीएम किसान मोबाइल ऐप में, और राज्य के अधिकृत अधिकारियों के पास हो सकती है। सबसे आसान रास्ता अपने पास का CSC है:

  1. आधार कार्ड लेकर अपने पास के जन सेवा केंद्र (CSC) जाएँ।
  2. CSC संचालक पीएम किसान में आपका आधार नंबर डालेंगे।
  3. मशीन पर अपना अंगूठा या उंगली लगाएँ। निशान मिलते ही ई-केवाईसी हो जाती है।

CSC पर इसकी थोड़ी फ़ीस लग सकती है। उंगली का निशान न मिले, तो चेहरे वाला तरीका आज़माएँ।

3. चेहरे से (Face Authentication) ई-केवाईसी

इसमें आप घर बैठे अपने मोबाइल के कैमरे से ई-केवाईसी कर सकते हैं।

  1. Google Play Store से सरकार का PM-KISAN ऐप और AadhaarFaceRD ऐप इंस्टॉल करें।
  2. पीएम किसान ऐप खोलें और अपने रजिस्ट्रेशन नंबर या आधार से लॉगिन करें।
  3. ई-केवाईसी में Face Authentication चुनें।
  4. कैमरे के सामने चेहरा रखें और जब कहा जाए तब पलक झपकाएँ।

चेहरा स्कैन करते समय अच्छी रोशनी रखें, चश्मा और टोपी उतार दें, और मोबाइल चेहरे के सामने सीधा पकड़ें।

जिनके पास स्मार्टफ़ोन नहीं है, वे परिवार या पड़ोस के किसी व्यक्ति के फ़ोन से भी पीएम किसान ऐप में चेहरे से ई-केवाईसी कर सकते हैं। बस जिस किसान की ई-केवाईसी हो रही है, वह खुद कैमरे के सामने हो।

ई-केवाईसी में आम दिक्कतें और उनका हल

दिक्कतहल
OTP नहीं आ रहाआपका मोबाइल आधार से नहीं जुड़ा, या नंबर बंद है। चेहरे या अंगूठे वाला तरीका अपनाएँ, या आधार केंद्र पर नंबर जुड़वाएँ।
OTP गलत बता रहा हैOTP कुछ मिनट ही चलता है। नया OTP मँगवाएँ और जल्दी भरें।
आधार का रिकॉर्ड नहीं मिलायह आधार आपके पीएम किसान रिकॉर्ड से नहीं जुड़ा, या आवेदन में आधार नंबर गलत भरा गया। ब्लॉक के कृषि कार्यालय या CSC पर रिकॉर्ड ठीक करवाएँ।
अंगूठे का निशान नहीं मिल रहाउंगली साफ़ और सूखी करके दूसरी उंगलियाँ आज़माएँ। फिर भी न हो, तो चेहरे से करें, या आधार केंद्र पर बायोमेट्रिक अपडेट करवाएँ।
चेहरा स्कैन नहीं हो रहारोशनी ठीक करें, चश्मा उतारें, और AadhaarFaceRD ऐप का नया वर्ज़न रखें। फिर भी न हो, तो CSC पर अंगूठे से करवाएँ।
नाम आधार से मेल नहीं खातापीएम किसान में आपका नाम आधार से अलग लिखा है। कृषि कार्यालय में नाम ठीक करवाएँ, फिर ई-केवाईसी करें।

ई-केवाईसी हुई या नहीं, कैसे देखें

  1. pmkisan.gov.in पर Know Your Status खोलें।
  2. रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा भरकर Get OTP दबाएँ, फिर OTP डालें।
  3. Eligibility Status में eKYC Status देखें। Yes का मतलब ई-केवाईसी हो गई, No का मतलब अभी बाकी है।
Sample Image pmkisan.gov.in पर Know Your Status का फ़ॉर्म: रजिस्ट्रेशन नंबर, कैप्चा और Get OTP बटन
Know Your Status में ई-केवाईसी का स्टेटस भी दिखता है।

ई-केवाईसी करने के बाद स्टेटस में Yes आने में कुछ समय लग सकता है।

ई-केवाईसी के बाद भी क़िस्त न आए

ई-केवाईसी क़िस्त के लिए ज़रूरी तीन चीज़ों में से एक है। बाकी दो भी पूरी होनी चाहिए:

आम सवाल

ई-केवाईसी न हो तो क्या करें?

पहले देखें कि आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा है या नहीं। OTP से न हो, तो चेहरे से करें, या CSC पर अंगूठा लगाकर करवा लें। फिर भी न हो, तो ब्लॉक के कृषि कार्यालय में बात करें।

ई-केवाईसी के बाद रुकी क़िस्त कब आएगी?

ई-केवाईसी के साथ लैंड सीडिंग और आधार–बैंक लिंक भी पूरे होने चाहिए। तीनों पूरे होने के बाद आने वाली क़िस्त मिलती है। पहले की रुकी क़िस्तों के बारे में अपने ब्लॉक के कृषि कार्यालय से पता करें। अपना स्टेटस देखें।

कोई फ़ोन करके OTP माँगे तो?

OTP किसी को न बताएँ। ई-केवाईसी सिर्फ़ पीएम किसान ऐप में या CSC पर आपके सामने होती है। फ़ोन या WhatsApp पर ई-केवाईसी के नाम पर OTP माँगने वाले ठग हो सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता?

मोबाइल नंबर या आधार से यहाँ पता करें।

क्या यह सरकारी वेबसाइट है?

नहीं। किसान क़िस्त मेरी अपनी वेबसाइट है। आपके रिकॉर्ड सरकार के पास हैं, और उन्हें सिर्फ़ सरकार ही ठीक कर सकती है।

जानकारी का स्रोत: pmkisan.gov.in, पीआईबी (pib.gov.in)